हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संगरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे 35 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) तस्करी प्रकरण के मुख्य सप्लायर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पुलिस द्वारा गहन पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों की गतिविधियों, जुआ-सट्टा तथा अन्य अवैध धंधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर और उनके सहयोगियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से अभियान को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद तथा वृताधिकारी रमेश माचरा के सुपरविजन में संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब तीन साल से फरार चल रहे वांछित आरोपी बुटा सिंह उर्फ लाली उर्फ लाडी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना संगरिया में दर्ज प्रकरण संख्या 531/2023 धारा 8/21, 25, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार यह मामला 9 अक्टूबर 2023 का है। उस दिन पुलिस थाना संगरिया के उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान रोही ढाबा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 35 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलविंद्र सिंह पुत्र गुरदत्त सिंह निवासी चोटिया, थाना सरदूलगढ़ (पंजाब) तथा गुरपाल सिंह पुत्र बादल सिंह निवासी बागीवानर, थाना तलवंडी (पंजाब) के रूप में हुई थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया था और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद हेरोइन उन्होंने बुटा सिंह उर्फ लाली उर्फ लाडी से खरीदी थी। इसके बाद से ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। गिरफ्तार आरोपी बुटा सिंह उर्फ लाली उर्फ लाडी पुत्र सतपाल सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 3, भागीबंदर, थाना तलवंडी साबो, जिला बठिंडा (पंजाब) का रहने वाला है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। इस कार्रवाई में संगरिया थाना प्रभारी अमर सिंह के साथ पुलिस टीम के सदस्य कांस्टेबल मनदीप सिंह , कांस्टेबल रामावतार और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
