हनुमानगढ़। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 किलो 42 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वांछित अपराधियों की धरपकड़ तथा गैंगस्टर और उनके सहयोगियों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत जिले के सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद तथा वृत्ताधिकारी हनुमानगढ़ मीनाक्षी के निकटतम सुपरविजन में और थाना प्रभारी हनुमानगढ़ टाउन अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस टीम गश्त पर थी, इसी दौरान रोही 13 केएसपी क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 02 किलो 42 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी देवकिशन लुहार पुत्र रतनलाल लुहार (26 वर्ष) निवासी कथांरिया चौबे जी का, पुलिस थाना भदेसर जिला चितौड़गढ़ को गिरफ्तार कर लिया। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 174/2026 के तहत धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की आगे की जांच राकेश सांखला, पुनि. थाना प्रभारी पुलिस थाना सदर हनुमानगढ़ द्वारा की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अफीम कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था। जांच में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक ज्योति, सहायक उपनिरीक्षक राजाराम, कांस्टेबल लखविंद्र तथा कांस्टेबल पवन शामिल रहे। वहीं पुलिस चौकी शेरगढ़ के राजाराम और लखविंद्र की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। हनुमानगढ़ पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
