संगरिया। दोपहर बाद एक बजे जन सुनवाई केंद्र पर अभिमन्यु पुनिया ने ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई की। जन सुनवाई के दौरान रासूवाला, कीकरवाली, रतनपुरा, सिलवाला, ढोलनगर एवं नगराना से आए ग्रामीणों ने विधायक को क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने विशेष रूप से ढाणियों में विद्युत कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अतिरिक्त पेयजल, सड़क, तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याएं भी सामने रखी गईं। विधायक अभिमन्यु पुनिया ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

विधायक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस अवसर पर सुभाष घोटीया, सुनील तिवाड़ी, शकील, यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विनोद बुढ़ानिया, जयराम ढूकिया, प्रकाश भाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
