ऐलनाबाद। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। डबवाली में आयोजित उपमंडल स्तरीय समाधान शिविर में एसडीएम अर्पित संगल ने लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। वहीं कालांवाली और ऐलनाबाद में भी समाधान शिविर लगाए गए। सोमवार को जिले भर में आयोजित इन शिविरों में कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। सिरसा लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीडीपीओ बलजीत सिंह ने भी जन समस्याएं सुनीं और उपस्थित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम अर्पित संगल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी समस्या के समाधान में लापरवाही न बरती जाए और शिकायतों का त्वरित निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला व उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, ताकि लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला और उपमंडल स्तर पर ये शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं, जहां नागरिक अपनी शिकायत सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।
