ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्री गौशाला सिरसा से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी करने के मामले में एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी ने बताया कि श्री गौशाला में कार्यरत पवन कुमार पुत्र सूरज राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 14 फरवरी की रात कुछ अज्ञात युवक गौशाला में घुसकर ट्यूबवेल की केबल तार चोरी कर मौके से फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस वारदात में संलिप्त आरोपी सुरज पुत्र पंजाब सिंह निवासी एमसी वाली गली, सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों को सिरसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर चुकी है और उनकी निशानदेही पर चोरीशुदा ट्यूबवेल की तार भी बरामद कर ली गई थी। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके एक अन्य साथी की पहचान हुई, जिसके बाद उसे भी काबू कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा।
