हनुमानगढ़। सरस्वती बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेविकाओं ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संदेश दिया गया। समापन समारोह में शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। पूरे शिविर के दौरान स्वयंसेविकाओं ने श्रमदान, स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली तथा सामाजिक सरोकार से जुड़ी अनेक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं ने समाज में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता फैलाने का प्रयास किया। संस्था प्रधान प्रेरणा रस्तोगी ने सात दिनों तक स्वयंसेविकाओं द्वारा किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी समाजहित के कार्यों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान रेनू जी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में सेवा भाव को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने सभी छात्राओं को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई और कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे अपने जीवन का स्थायी हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर संतोष जी के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में एनएसएस प्रभारी श्रीमती संतोष जी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।
