हनुमानगढ़। कालिका पेट्रोलियम यूनिट फर्स्ट हनुमानगढ़ की महिला कांस्टेबल राजबाला और सीता ने मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा सखी पखवाड़ा अभियान के तहत महिलाओं को सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान महिलाओं को दैनिक जीवन में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, ऑनलाइन ठगी से बचाव और आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर महिला कांस्टेबलों ने उपस्थित महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी प्रदान की।

उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। महिलाओं से संबंधित शिकायतों के लिए गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090, साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन अपराध की शिकायत के लिए साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 तथा बच्चों से जुड़े मामलों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 उपलब्ध हैं। अभियान के दौरान महिलाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक करते हुए उनके मोबाइल फोन में राजकोप एप डाउनलोड करवाया गया, ताकि वे जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।

महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को निडर होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियानों का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना है, ताकि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हो सके।

