हनुमानगढ़। जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन हनुमानगढ़ के पदाधिकारियों ने शनिवार को श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका मेघवाल से उनके श्रीगंगानगर स्थित निवास पर मुलाकात कर जिले की विभिन्न रेल समस्याओं के समाधान और नई रेल सेवाओं के संचालन को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हनुमानगढ़ में विभिन्न रेल सेवाओं के ठहराव, दिल्ली के लिए इंटरसिटी ट्रेन के संचालन, रेल सेवाओं में सुधार तथा डबली में प्रस्तावित अंडरपास निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष विशु वर्मा ने बताया कि हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय और इसके अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से रेल समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सादुलपुर रूट के ब्रॉड गेज में परिवर्तित होने के 10 वर्ष बाद भी क्षेत्र को अपेक्षित स्थानीय कनेक्टिविटी नहीं मिल पाई है। वित्त सचिव प्रदीप मित्तल, उपाध्यक्ष डिप्टी कंवल शर्मा और संयोजक प्यारे लाल बंसल ने हनुमानगढ़ से दिल्ली के लिए इंटरसिटी ट्रेन शुरू करने की मांग जोरदार तरीके से रखी। इस पर प्रत्याशी प्रियंका मेघवाल ने भी आश्चर्य जताया कि अब तक इस रूट पर इंटरसिटी सेवा उपलब्ध नहीं है। ZRUCC सदस्य अरुण अरोड़ा ने हनुमानगढ़-फिरोजपुर इंटरसिटी (14601/14602) के धोलीपाल और हिंदुमलकोट स्टेशन पर ठहराव की मांग के साथ ही क्षेत्र की अन्य रेल समस्याओं को रेल मंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस दौरान प्रियंका मेघवाल ने एसोसिएशन की सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग और रेल मंत्रालय तक मुद्दों को पहुंचाने का आश्वासन दिया।
