हनुमानगढ़। जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ का सप्तम त्रैवार्षिक अधिवेशन एक मार्च को बाड़मेर में सम्पन्न हुआ। अधिवेशन में हनुमानगढ़ जिले के सक्रिय कर्मचारी नेता संदीप सिरावता को संगठन मंत्री पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस नियुक्ति से जिले के विद्युत निगम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। कर्मचारियों ने विश्वास जताया कि संदीप सिरावता के नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान तेज गति से होगा। इस मौके पर संदीप सिरावता ने कहा कि निगम कर्मचारियों की कई लंबित और ज्वलंत मांगें हैं, जिन्हें संगठन स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रमुख मांगों में डिस्कॉम में हो रहे निजीकरण पर रोक लगाने, अधिमानता आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को मंत्रालयिक कर्मचारी बनाने, आईटीआई कर्मचारियों को 3, 12, 21, तथा 30 साल के अप ग्रेडेशन का लाभ नियुक्ति तिथि से देने, एक डिस्कॉम से अन्य डिस्कॉम में ट्रांसफर पॉलिसी बनाने, आरजीएचएस की सुविधा सभी कर्मचारियों को राज्य सरकार के कर्मचारियों के समान देने, लेखा विंग मंत्रालयिक/तकनीकी विंग में पदोन्नति के लिए पदों का पुनर्गठन करने, पूर्व की भांति सीनियर इंजीनियर सुपरवाइजर का पद स्वीकृत करने, राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर के निर्णय अनुसार जोधपुर डिस्कॉम में मंत्रालयिक संवर्ग की वर्ष 2000 से 2017 तक रिवाइज्ड डीपीसी करने, मंत्रालयिक संवर्ग में पदों का पुनर्गठन करने व संस्थापन अधिकारी के पद सृजित करने, राज्य सरकार के आदेशानुसार वर्ष में दो बार डीपीसी करना शामिल है। उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों को सक्षम स्तर तक जोर-शोर से उठाया जाएगा और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन प्रतिबद्ध है।
