- सब्जी मंडी परिसर में गूंजे मां भगवती के जयकारे
हनुमानगढ़। परचून, सब्जी विक्रेता एवं आढ़ती संघ की ओर से सब्जी मंडी परिसर में मां भगवती का 26वां विशाल जागरण आयोजित किया गया। जागरण में स्थानीय एवं बाहर से पधारे श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर मां भगवती के दरबार में शीश नवाया। इस दौरान पूरा परिसर मां के जयकारों से भक्तिमय हो गया। जागरण में भजन गायक सरजीत कामरा और इति वर्मा ने मां भगवती का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। मां का अलौकिक दरबार सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वहीं, बाहुबली हनुमान की सचेतन झांकी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर देवांश ने सपत्नीक तथा जतिन ने सपत्नीक मां भगवती की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।संघ के प्रतिनिधि काका छाबड़ा ने बताया कि मां भगवती का यह 26वां विशाल जागरण श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आयोजित किया गया। जागरण में पहुंचे स्थानीय एवं बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए संघ की ओर से भंडारे की व्यवस्था भी की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
