हरियाणा। में शुक्रवार रात एक बार फिर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। पानीपत में रात करीब 9:48 बजे धरती हिलने से लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। इससे पहले 8 मार्च की सुबह करीब 7:01 बजे भी प्रदेश में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र रेवाड़ी क्षेत्र में दर्ज किया गया था। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.8 मापी गई थी, जबकि इसका केंद्र जमीन के लगभग 5 किलोमीटर नीचे था। लगातार दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस होने से लोगों में थोड़ी चिंता जरूर देखी जा रही है, हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि कम तीव्रता के ऐसे झटके आमतौर पर किसी बड़े खतरे का संकेत नहीं होते। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।
