हनुमानगढ़। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को ठगी से बचाने के लिए हनुमानगढ़ पुलिस ने महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। पुलिस ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व टेलीग्राम पर “RPSC SI EXAM PAPER” जैसे ग्रुप बनाकर अभ्यर्थियों को पेपर लीक का झांसा देकर ठगने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, ऐसे ग्रुप्स में नकली प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है और अभ्यर्थियों से पैसे मांगे जाते हैं। जबकि वास्तविकता में पेपर लीक नहीं होता, बल्कि यह केवल युवाओं की मेहनत की कमाई लूटने का एक तरीका है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की गोपनीयता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर के नाम पर किसी भी प्रकार का लेन-देन करना न केवल ठगी का शिकार बना सकता है, बल्कि इसमें शामिल होने पर अभ्यर्थियों को गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना भी करना पड़ सकता है। हनुमानगढ़ पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अपनी मेहनत व योग्यता पर विश्वास रखें। साथ ही यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या फर्जी ग्रुप की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि सजग नागरिक बनकर ही ऐसे साइबर अपराधों और ठगी से बचा जा सकता है।
