हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सतर्क करते हुए सोशल मीडिया पर सक्रिय ठगों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व ‘पेपर लीक’ के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर युवाओं को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि “ROHIT SIR” जैसे नामों से बनाई गई फर्जी आईडी के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे पैसे की मांग की जा रही है। ऐसे मामलों में कई अभ्यर्थी ठगी का शिकार भी हो सकते हैं। हनुमानगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि राजस्थान पुलिस की सभी परीक्षाएं पूरी सुरक्षा और गोपनीयता के साथ आयोजित की जाती हैं। पेपर लीक के नाम पर किसी भी प्रकार का लेनदेन करना न केवल धोखाधड़ी है बल्कि यह कानूनन दंडनीय अपराध भी है। पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लालच या शॉर्टकट के झांसे में न आएं और अपनी मेहनत पर भरोसा रखें। यदि किसी को सोशल मीडिया पर ऐसी कोई संदिग्ध आईडी या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस का कहना है कि परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। साथ ही युवाओं से भी जागरूक रहने और दूसरों को भी सचेत करने की अपील की गई है।
सजग रहें, सुरक्षित रहें।
