हनुमानगढ़। जिले में घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। अवैध वसूली, कालाबाजारी और समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने की समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर व जिला रसद अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। सुशील बहल के अनुसार राज्य सरकार जहां गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। गैस एजेंसी और गोदामों के चक्कर लगाने के बावजूद उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा। वरिष्ठ नागरिकों को होम डिलीवरी नहीं मिलने से सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। उन्हें ट्रॉली, एजेंसी या गोदाम तक जाकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है, जो उनके लिए अत्यंत कठिन है। उपभोक्ताओं से पंजीकृत मोबाइल नंबर के अलावा अन्य नंबरों पर ओटीपी साझा करने के लिए दबाव बनाए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं। साथ ही कुछ मामलों में बिना सिलेंडर प्राप्त किए ही डिलीवरी का संदेश मिलने से कालाबाजारी की आशंका जताई गई है। सुशील बहल ने प्रशासन से मांग की है कि गैस गोदाम से निकलने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सिलेंडरों का वास्तविक मूल्य और संबंधित उपभोक्ताओं की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए। इसके साथ ही गैस एजेंसी व गोदाम से सीधे वितरण पर रोक लगाकर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पूर्व में इस प्रकार की व्यवस्था लागू होने से उपभोक्ताओं को राहत मिल चुकी है। प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई है।
