ऐलनाबाद। ऐलनाबाद स्थित पुलिस अधीक्षक आवास पर होली मिलन समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने जिला पुलिस के अधिकारियों व जवानों के साथ रंगों का पर्व मनाया और सभी को तिलक लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में एएसपी फैसल खान, प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव, डीसीपी संजीव बल्हारा सहित जिले के सभी थाना व चौकी प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। डीजे और ढोल की धुन पर अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। पूरा परिसर भाईचारे, सौहार्द और पारिवारिक वातावरण से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर एसपी दीपक सहारण ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है।

उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों एवं आमजन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में उन्नति, सफलता, समृद्धि और खुशहाली के विविध रंग लेकर आए। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि होली का पर्व शालीनता, सादगी और आपसी सम्मान के साथ मनाएं। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ने चेतावनी दी कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार ड्राइविंग करने और हुड़दंगबाजी कर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे। समारोह के माध्यम से पुलिस परिवार ने एकजुटता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया।
