हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रावतसर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश सभी थाना अधिकारियों को दिए गए हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी तथा वृताधिकारी रावतसर सुभाष गोदारा के सुपरविजन में थानाधिकारी रावतसर ईश्वरानन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण संख्या 143/2026 में वांछित आरोपी रज्जत सोनी पुत्र जगनलाल निवासी रावतसर तथा शेर सिंह उर्फ शेरा पुत्र गुरचरण सिंह जट सिक्ख निवासी रावतसर को अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि 15 मार्च 2026 को रावतसर पुलिस थाना की टीम ने गश्त के दौरान भाखरावाला से रावतसर सड़क पर रोही रावतसर क्षेत्र में सूर्य प्रकाश उर्फ पीयूष उर्फ धोलु को 05 ग्राम 45 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में पुलिस थाना रावतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण संख्या 143/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच और पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में पहले ही सूर्य प्रकाश उर्फ पीयूष, पुनित कुमार उर्फ भूरिया, विनोद कुमार तथा सोनू उर्फ कृष्णलाल नायक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।पुलिस के अनुसार इस मामले में नशा तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में अनुसंधान और पूछताछ जारी है।
पुलिस टीम:
थानाधिकारी ईश्वरानन्द, मोहनलाल कांस्टेबल, अमर सिंह हेड कांस्टेबल सहित रावतसर थाना पुलिस।
विशेष भूमिका:
मोहनलाल कांस्टेबल, पुलिस थाना रावतसर।
