पाली। राजस्थान के पाली जिले में 10वीं कक्षा के परिणाम में असफल होने के बाद अवसाद में चल रहे 15 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना रविवार देर रात की है। छात्र रात करीब 11 बजे तक मोहल्ले में बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था, इसके बाद वह घर की पहली मंजिल पर बने कमरे में गया और पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों के अनुसार, छात्र 10वीं कक्षा के रिजल्ट में फेल होने के बाद से काफी गुमसुम रहने लगा था। परिवार के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश भी की थी कि असफलता जीवन का अंत नहीं है और वह आगे बेहतर कर सकता है। इसके बावजूद वह मानसिक तनाव में था। बताया जा रहा है कि रविवार रात वह हमेशा की तरह घर के बाहर बच्चों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। खेल खत्म होने के बाद करीब 11 बजे वह घर के अंदर आया और पहली मंजिल पर बने अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक जब वह नीचे नहीं आया तो उसकी मां उसे बुलाने के लिए ऊपर गई। कमरे में पहुंचने पर बेटे को पंखे से लटका देख वह चीख पड़ी। परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार का कहना है कि बेटे की इस हरकत से वे सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि रिजल्ट आने के बाद से वह चुपचाप रहने लगा था, लेकिन उन्होंने कभी उस पर पढ़ाई को लेकर दबाव नहीं डाला। उसके पिता कामकाज के सिलसिले में सऊदी अरब गए हुए हैं और घटना के बाद परिवार को गहरा आघात लगा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में छात्र के आत्महत्या करने की वजह पढ़ाई में असफलता से उपजा मानसिक तनाव माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है।
