हनुमानगढ़। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर में योगाभ्यास कार्यक्रम हुए। हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” रही।

कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से 4000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री ओंकार सिंह लखावत थे। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि पतंजलि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। सामूहिक योगाभ्यास का संचालन अरविंद सिंह एवं डॉ. प्रियंका जोशी की टीम ने किया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया। योगाभ्यास के पश्चात लखावत ने सभी को नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में पूजा कुमारी, नीतू एवं विश्वविद्यालय की टीम द्वारा योगिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम में आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ कुमार शर्मा, डॉ. महावीर प्रसाद एवं डॉ. कुलदीप ने भी सहभागिता निभाई। मंच संचालन विजय कौशिक ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को अंकुरित अनाज एवं छाछ का अल्पाहार वितरित किया गया।

भारतीय स्टेट बैंक एवं पंजाब नेशनल बैंक की ओर से योग प्रतिभागियों को टी-शर्ट एवं कैप प्रदान की गई। जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में जिला प्रभारी सचिव डॉ. जोगा राम, जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा, हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल, जनप्रतिनिधि प्रमोद डेलू, अमित सहू, एसडीएम मांगीलाल सुथार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला, नगरपरिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत, नर्सिंग कॉलेज प्राचार्य राज औलख तथा जसप्रीत सिंह सिद्धू, डॉ. भारत भूषण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

पीलीबंगा का ब्लॉक स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम पुरातात्विक स्थल कालीबंगा संग्रहालय में आयोजित हुआ। टिब्बी का ब्लॉक स्तरीय योगाभ्यास महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय टिब्बी में आयोजित हुआ। वहीं, संगरिया में नेहरू पार्क में ब्लॉक स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम हुआ। नोहर, भादरा तथा रावतसर में भी ब्लॉक स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों ने सहभागिता की।

