– गोगामेड़ी की प्रसाद की दुकान से 28 अगस्त को हुई थी लापता, पिता ने ऐलनाबाद थाने में दिए पुराने प्रार्थना-पत्र पर कार्रवाई की भी उठाई मांग
हनुमानगढ़। गोगामेड़ी से लापता हुई ईशिका की तलाश एवं शीघ्र बरामदगी की मांग को लेकर उसके पिता विजय पुत्र शंकर नाथ, निवासी पटेल नगर, दिल्ली, हाल निवासी गोगामेड़ी, राजस्थान ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में थाना गोगामेड़ी में दर्ज एफआईआर की प्रभावी जांच करवाकर उनकी पुत्री की तलाश एवं बरामदगी करवाने की मांग की गई है। ज्ञापन में विजय ने बताया कि उनकी पुत्री ईशिका 28 अगस्त 2026 को गोगामेड़ी स्थित उनकी प्रसाद की दुकान से लापता हो गई थी। घटना के संबंध में थाना गोगामेड़ी में एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद पुत्री का कोई पता नहीं चल पाया है। विजय ने बताया कि उन्होंने 1 सितंबर 2026 को थाना ऐलनाबाद के थानाधिकारी को भी लिखित प्रार्थना-पत्र दिया था। इसमें पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त प्रार्थना-पत्र पर भी अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में पिता ने कहा कि वह पुत्री की तलाश एवं बरामदगी के लिए लगातार संबंधित थानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई संतोषजनक परिणाम नहीं मिला। उन्होंने आशंका जताई कि पुत्री के साथ कोई अनहोनी हो सकती है अथवा उसे किसी व्यक्ति ने कहीं ले जाकर रखा हो सकता है। विजय ने एएसपी से थाना गोगामेड़ी में दर्ज एफआईआर की प्रभावी एवं निष्पक्ष जांच करवाने, ईशिका की तत्काल तलाश कर बरामदगी करवाने तथा 1 सितंबर को थाना ऐलनाबाद में दिए गए प्रार्थना-पत्र में बताए गए संदिग्ध व्यक्तियों एवं तथ्यों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करवाने की मांग की।
