– 20 सितंबर को नई अनाज मंडी में होगा सामूहिक संगीतमय श्री सुंदरकांड महापाठ, 11 गौशालाओं को 5.61 लाख रुपए गौसेवा के लिए भेंट किए जाएंगे
हनुमानगढ़। श्री सुंदरकांड मित्र मंडल (प्राचीन) की ओर से श्री बालाजी महाराज के 15वें वार्षिक महोत्सव के तहत शुक्रवार को श्री सालासर दरबार के नगर भ्रमण एवं ध्वज शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुवार को विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रचार रथ को जयकारों के साथ रवाना किया गया। श्री सुंदरकांड मित्र मंडल (प्राचीन) की ओर से पिछले 27 वर्षों से नियमित रूप से श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 सितंबर को शाम 4:15 बजे श्री सालासर दरबार रथ एवं ध्वज शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा भटनेर किले के सामने से शुरू होकर श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, नई अनाज मंडी तक पहुंचेगी।
20 सितंबर को होगा महापाठ
20 सितंबर रविवार को सुबह 8:15 बजे नई अनाज मंडी में बैंक ऑफ बड़ौदा के पास सामूहिक संगीतमय श्री सुंदरकांड महापाठ का आयोजन होगा। इस दौरान भव्य चांदी के श्री सालासर दरबार के दर्शन, अखंड ज्योत, भजनों की पुष्प वर्षा, सवामणी प्रसाद एवं भंडारा प्रसाद के आयोजन होंगे। मंडल की ओर से श्रद्धालुओं से सपरिवार महापाठ में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
11 गौशालाओं को 5.61 लाख रुपए की गौसेवा राशि
मंडल की ओर से बताया गया कि प्रत्येक रविवार को होने वाले श्री सुंदरकांड पाठ में एकत्रित चढ़ावा राशि प्रतिवर्ष गौसेवा के लिए भेंट की जाती है। इस बार कुल 11 गौशालाओं को 5 लाख 61 हजार रुपए की राशि गौसेवा के लिए भेंट की जाएगी। प्रत्येक गौशाला को 51 हजार रुपए की राशि दी जाएगी। राशि प्राप्त करने वाली गौशालाओं में फाटक गौशाला बरकत कॉलोनी हनुमानगढ़ टाउन, श्री राधे कृष्ण गौसेवा समिति 2 केएनजे मक्कासर, श्री हरिकृष्ण गौशाला समिति कोहला, श्री श्याम गौशाला समिति खोधांवाली, श्री नामदेव नंदी गौशाला समिति रामपुरा उर्फ रामसरा, श्री करणी गौशाला समिति फतेहगढ़, श्री राधाकृष्ण गौशाला समिति नन्दराम की ढाणी, बेसहारा को सहारा गौसेवा पक्काभादवा, श्री झारकाधीश गौधाम चक बुइसिंह वाला, श्री कामधेनु गौशाला समिति जाखड़ावाली तथा श्री श्याम गौसेवा समिति 5 एलके गांव लघुवाली हेड शामिल हैं। मंडल की ओर से बताया गया कि प्रत्येक रविवार को गोसेवा के लिए निःशुल्क श्री सुंदरकांड पाठ किया जाता है। आयोजन के लिए ध्वजा एवं पाठ के टोकन निर्धारित संपर्क केंद्रों से प्राप्त किए जा सकते हैं।
