हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा तथा अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संगरिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक प्रौढ़ को हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2.05 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के अनुसार जिले में अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों, गैंगस्टर व उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संगरिया थाना के उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद मय पुलिस टीम गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान टीम ने 36 हेड ढाबां क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरजीत सिंह (49) पुत्र ठाकर सिंह निवासी वार्ड नम्बर 5, संगरिया के कब्जे से 2.05 ग्राम अवैध मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। मौके से आरोपी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच थाना प्रभारी अमर सिंह कर रहे हैं। इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम हनुमानगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने गोपनीय सूचना संकलन एवं साक्ष्य जुटाने में अहम सहयोग किया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद, हेड कांस्टेबल शंकरलाल, कांस्टेबल ज्वाला सिंह तथा कांस्टेबल रेवतराम शामिल रहे।
