हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रेड आयोजित की गई। जिला आबकारी अधिकारी व जिला कलेक्टर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान जंक्शन, खुंजा, मक्कासर, मक्कासर नहर, नवां नहर, नोहर, रायसिंहपुरा, दलपतपुरा, सोनड़ी और असरजाना सहित कई स्थानों पर दबिश दी गई। इस कार्रवाई में लगभग 2200 लीटर लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) नष्ट की गई। साथ ही 4 कच्ची भट्टियां भी नष्ट गईं और 1 अभियोग दर्ज किया गया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में विभाग की ओर से 4 अभियोग दर्ज कर 3400 लीटर लाहन नष्ट किया जा चुका है। विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अब तक 29 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं और कुल 14400 लीटर लाहन जब्त/नष्ट किया जा चुका है। इस वित्तीय वर्ष में आबकारी विभाग की ओर से अब तक कुल 610 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। पटावरी ने बताया कि हथकढ़ शराब की तस्करी व बिक्री रोकने के लिए रेड और गश्त जारी रहेंगे। कार्यवाही में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह और जमादार हुसैन खान मय जाप्ता शामिल रहे।
