
हनुमानगढ़। आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान विभाग की ओर से जिले में अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर लाहन व कच्ची भट्ठियां नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने जिले में कई जगहों पर दबिश देकर 4600 लीटर लाहन व 10 कच्ची भट्ठियां नष्ट की। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते एवं जिला कलक्टर के निर्देशन में 15 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के मद्देनजर आबकारी विभाग की ओर से संयुक्त रेड का आयोजन किया कर गांव गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, अमरपुरा थेड़ी, टिब्बी, तलवाड़ा झील, मेहरवाला, पीरकामड़िया, 22 एजी, भाकरांवाली, रावतसर आदि जगहों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान करीब 4600 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) व 10 कच्ची भट्ठियां नष्ट की गईं। साथ ही दो अभियोग दर्ज किए गए। पटावरी के अनुसार जिले में विशेष निरोधात्मक अभियान के दौरान अब तक 27 अभियोग दर्ज कर 9700 लीटर उत्तेजित लाहन व 18 कच्ची भट्ठियां नष्ट करने की कार्रवाई की जा चुकी है। इस दौरान एक मोटर साइकिल जब्त की गई। हथकढ़ शराब की कशीदगी व बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड गश्त का आयोजन किया जा रहा है। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी।
