हनुमानगढ़। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। नवपदस्थापित पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि ऐसे अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी, जिनके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में पांच या उससे अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके लिए जिला पुलिस की ओर से विधिवत प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसपी मीना ने कहा कि जिले में बढ़ते संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह ‘एरिया डोमिनेशन अभियान’ चलाया जाएगा, जिसमें पुलिस टीमों की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में सघन जांच, गश्त और कार्रवाई की जाएगी। नशा तस्करी पर विशेष फोकस करते हुए एसपी ने बताया कि पिछले 10 वर्षां का आपराधिक डेटा एकत्रित किया जा रहा है। इस डेटा के विश्लेषण के आधार पर एक व्यापक कार्ययोजना बनाई जाएगी, जिससे नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
नाकाबंदी और गश्त की नई व्यवस्था
अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने नाकाबंदी और गश्त की व्यवस्था को भी मजबूत करने का निर्णय लिया है। एसपी मीना ने बताया कि एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारी की निगरानी में शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक ए, बी और सी श्रेणी की नाकाबंदी की जाएगी। इन नाकाबंदियों में एसपी कार्यालय में तैनात जवानों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि अतिरिक्त बल उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही सुबह 5 बजे से 10 बजे तक ‘भोर गश्त’ शुरू की जाएगी, जिससे दिन की शुरुआत में ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। एसपी स्वयं भी शाम 6 बजे के बाद शहर में पैदल गश्त करेंगे, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़े और पुलिस की सक्रियता दिखाई दे। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत संगरिया टोल प्लाजा पर स्थाई नाका स्थापित किया जाएगा। इसका उद्देश्य पंजाब की ओर से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखना है। इसके अलावा जाखड़ांवाली क्षेत्र में भी नाकाबंदी की व्यवस्था की जाएगी। एसपी मीना ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों और बीट प्रभारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में जवाबदेही सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आरडीएक्स प्रकरण और आतंकी लिंक की जांच
हरियाणा के अंबाला में आरडीएक्स के साथ पकड़े गए आरोपियों से जुड़े हनुमानगढ़ कनेक्शन पर एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच एटीएस और एससीएसटी सेल की टीम की ओर से गोपनीय तरीके से की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक व्यक्ति, जो पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी नेटवर्क के लिए काम कर रहा था, उसने हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र में आईईडी रखा था। अब यह पता लगाया जा रहा है कि वह किन-किन स्थानीय लोगों के संपर्क में था और उसका नेटवर्क कितना विस्तृत है।
नेठराना हत्याकांड पर भी फोकस
नेठराना के चर्चित अभिषेक हत्याकांड को लेकर एसपी ने कहा कि मामले की जांच में रही कमियों की समीक्षा की जा रही है। जांच अधिकारी से चर्चा कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाए। प्रेस वार्ता के दौरान एडिशनल एसपी अरविंद बिश्नोई व एससीएसटी सेल सीओ करण सिंह बराड़ भी मौजूद रहे।

