हनुमानगढ़। गांव पक्काभादवां के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर एक वृद्धा को परेशान करने के मामले में कार्रवाई की मांग की। यह ज्ञापन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार के नेतृत्व में सौंपा गया। पक्काभादवां निवासी चावली देवी पत्नी मनीराम नायक ने बताया कि उसकी पुत्रवधू रूकमा देवी पत्नी साहबराम करीब 17 वर्ष पहले उसके पुत्र को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के साथ रहने लगी थी। चावली देवी के अनुसार उसकी ओर से रूकमा देवी को 2 लाख 50 हजार रुपए दिए जा चुके हैं, जिसकी लिखित जानकारी उसके पास मौजूद है। चावली देवी के अनुसार उसने अपनी स्वयं के पैसों से खरीदी गई खेती की जमीन वर्ष 2012-13 में बेच दी थी। इसके बावजूद रूकमा देवी की ओर से उससे और रुपए तथा जमीन में हिस्सा मांगा जा रहा है और उसके खिलाफ पुलिस थाने में शिकायतें की जा रही हैं। चावली देवी ने बताया कि वह 70 वर्षीय वृद्ध महिला है और बीमार रहती है, जिससे उसे मानसिक परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने रूकमा देवी को पाबंद करने की मांग की। इस दौरान आजाद समाज पार्टी और ग्रामीणों ने मामले में चावली देवी के पक्ष में कार्रवाई की मांग उठाई। इस मौके पर रामकुमार, महेन्द्र, साहबराम, सतपाल, रणवीर, मदनसिंह, मनीराम मौजूद रहे।
