हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के उन्नत भारत अभियान के तहत श्री खुशाल दास मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर की ओर से सोमवार को मक्कासर गांव स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में निशुल्क मल्टी स्पेशलिटी चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करवाना रहा। शिविर में डॉ. चंदन जिंदल ने 70 से अधिक मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया। मरीजों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए गए। शिविर के दौरान दवाइयों पर 35 से 50 प्रतिशत तथा विभिन्न लैब जांचों पर 50 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की गई। शिविर के आयोजन में नर्सिंग ऑफिसर छिंद्रपाल, पैरामेडिकल स्टाफ के मोहम्मद बिलाल, अनमोल, प्रदीप, हर्ष एवं राहुल तथा जीएनएम स्टाफ के गुरनूर सिंह और जतिन सिंह का सहयोग रहा। गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंध कमेटी के पदाधिकारियों ने भी आयोजन में सहयोग दिया। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्नत भारत अभियान के माध्यम से विश्वविद्यालय और श्री खुशाल दास मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर उचित चिकित्सकीय परामर्श और उपचार मिलना आवश्यक है। भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर सेवा कार्यांे को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। विश्वविद्यालय के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी प्रतिबद्ध है। उन्नत भारत अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को उनके नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध करवाना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्नत भारत अभियान के विश्वविद्यालय समन्वयक डॉ. विक्रम औलख ने बताया कि ग्राम पंचायत मक्कासर के अधीनस्थ 6 एसटीजी, 3 एसटीजी एवं 2 जेआरके गांवों के 70 से अधिक ग्रामीणों ने शिविर का लाभ लिया। उन्होंने कहा कि उन्नत भारत अभियान के माध्यम से विश्वविद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
