ऐलनाबाद। लाखों रुपये के 21 किलोग्राम गांजा बरामदगी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर आरोपी को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एबीवीटी स्टाफ सिरसा की टीम द्वारा की गई है। जानकारी के अनुसार एबीवीटी स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम 1 नवंबर 2025 को गश्त के दौरान डिंग थाना क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जोधकां मोड़ एनएच-9 पर एक सिल्वर रंग की आई-20 कार में सवार व्यक्ति अवैध रूप से नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आई-20 कार में सवार युवक को काबू किया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर पिछली सीट पर रखे एक प्लास्टिक कट्टे से 21 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से गेजा सिंह पुत्र पालाराम को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा नसीब पुत्र जयबीर सिंह निवासी बरवाला जिला हिसार से लेकर आया था। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर आरोपी नसीब पुत्र जयबीर सिंह को हिसार जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। पुलिस के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
