हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत मक्कासर के पंचायत भवन में प्रशासक बलदेव सिंह की अध्यक्षता में वार्ड पंचों व गणमान्य नागरिकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गांव के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान मक्कासर में सूरतगढ़ रोड स्थित 10 नंबर गली में पूर्व सांसद श्योपत सिंह के नाम पर जनसहयोग से भव्य द्वार बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। प्रशासक बलदेव सिंह ने कहा कि श्योपत सिंह ने केवल हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान के किसानों व मजदूरों के लिए जीवनभर संघर्ष किया।

सिंचाई पानी, बिजली और गरीबों के पुनर्वास जैसे मुद्दों पर उन्होंने हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि भूमिहीनों को जमीन आवंटित करवाने के लिए भी उन्होंने सरकार से संघर्ष किया। उनके इन्हीं योगदानों को स्मरणीय बनाने के लिए गांव में उनके नाम पर द्वार निर्माण का निर्णय लिया गया है। द्वार निर्माण के लिए संबंधित विभाग से मंजूरी प्राप्त कर एनओसी जारी करवाने सहित आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएंगी, ताकि कार्य शीघ्र शुरू हो सके। बैठक में ग्रामसेवक ताराचंद, सुभाष मक्कासर, गुरदीप सिंह, शेर सिंह, वार्ड पंच सतीश कुमार, जगदीश शर्मा, सत्यनारायण शर्मा, भूराराम शर्मा, राजेन्द्र गोदारा, गणेशराम मेघवाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
