हनुमानगढ़। टाउन थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक अधेड़ को अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बैग में छिपाकर मादक पदार्थ हनुमानगढ़ लाकर सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने 542 ग्राम अफीम बरामद कर मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई मय जाप्ता दोपहर के समय क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान लखूवाली से रावतसर मेगा हाइवे पर केडब्ल्यूडी माइनर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह अचानक उठकर जाने लगा, जिस पर शक होने पर उसे घेरकर रोक लिया गया। पुलिस ने जब व्यक्ति से नाम-पता पूछा तो उसने अपना नाम रामसिंह चुड़ावत (59) पुत्र नरवर सिंह राजपूत निवासी गांव बेमाली तहसील मांडल पीएस करेड़ा जिला भीलवाड़ा बताया। भीलवाड़ा से यहां आने और बैग में रखे सामान के बारे में पूछने पर वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। संदेह के आधार पर बैग की तलाशी ली गई। बैग में कपड़ों के नीचे छिपाकर रखी एक पॉलिथीन थैली मिली, जिसमें गाढ़ा भूरा/काला तरल पदार्थ भरा हुआ था। जांच में यह मादक पदार्थ अफीम पाया गया। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन किया, जिसमें कुल 542 ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी रामसिंह ने बताया कि वह हनुमानगढ़ टाउन में आइसक्रीम की रेहड़ी लगाता है। करीब 10 दिन पहले गांव जाने के दौरान उसकी मुलाकात प्रतापगढ़ निवासी बिरजू से हुई थी, जिसने उसे अफीम हनुमानगढ़ पहुंचाने के बदले 13 हजार रुपए देने का लालच दिया था। आरोपी उसी के कहने पर अफीम लेकर आ रहा था। पुलिस ने आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक की-पैड मोबाइल फोन और 1200 रुपए नकद भी बरामद किए गए। बैग व कपड़े भी कब्जे में लिए गए हैं। मामले की जांच उच्चाधिकारियों के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका को सौंपी गई है। पुलिस अब मादक पदार्थ सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई, एएसआई सरजीत सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप सिंह, कांस्टेबल चेतन प्रकाश, भीमसेन व राकेश कुमार शामिल रहे।
