टिब्बी। खेल मंत्रालय भारत सरकार और भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के दिशा-निर्देशानुसार राजस्थान वॉलीबॉल संघ तथा जिला वॉलीबॉल संघ हनुमानगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ महिला वॉलीबॉल जिला लीग का शुक्रवार को खेलगढ़ गाँव सिलवाला खुर्द के खेल मैदान में भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर से आई महिला खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और पहले दिन से ही मैदान में रोमांचक मुकाबलों का माहौल देखने को मिला।आयोजन सचिव एवं कोच बसंत सिंह मान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिले की कुल 16 पंजीकृत टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 128 महिला खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बेटियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्राप्त होता है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सिलवाला खुर्द के प्रधानाचार्य संदीप कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधानाध्यापक फौजीराम बैनीवाल, राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक निर्मल सिंह पुनिया तथा भारतीय सेना के पैरा कमांडो कुलदीप सिंह ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। मुख्य अतिथि संदीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने महिला खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं अन्य अतिथियों ने भी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कोच बसंत सिंह मान ने महिला खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ लीग छात्रा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े स्तर तक पहुंचने का बेहतरीन मंच है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन देने की है। कार्यक्रम के दौरान गुरप्यार सिंह दिल्लो, निर्मल सिंह मान, विनोद जाखड़, कोच प्रीतम मान, पीटीआई गुरप्रीत सिंह, हरविंद्र सिंह बराड़ सहित विभिन्न टीमों के कोच, प्रभारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सहयोग की अपील की। आयोजन सचिव के अनुसार इस रोमांचक जिला लीग का भव्य समापन 28 मार्च 2026 को किया जाएगा, जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के जोश और दर्शकों के उत्साह ने पहले ही दिन खेल मैदान का माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
संवाददाता- प्रभु राम
