नोहर। कस्बे में 2 अप्रैल को आयोजित होने वाली भव्य और विराट श्री रामोत्सव धर्मयात्रा को लेकर शहर में धार्मिक उत्साह चरम पर है। आयोजन को सफल बनाने के लिए शहरभर में जोर-शोर से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है और आमजन में यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। रविवार को धर्मयात्रा के संयोजक रमेश बड़सीवाल के नेतृत्व में भामाशाह समाजसेवी सुरेश पांडिया, चौथमल पांडिया, राजू सरावगी, महिपाल सैनी, महावीर गैना, सोनू, बजरंग स्वामी, मोहन लाल डाबी, डॉ. रणजीत, राकेश जोशी, अजय राठौड़, अशोक सोनी, प्रदीप पारीक, तनु पंडा सहित कई गणमान्य नागरिकों ने घर-घर जाकर पीले चावल और निमंत्रण पत्र वितरित किए। इस दौरान लोगों को अधिक से अधिक संख्या में धर्मयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया। सह-संयोजक भालाराम खाती और उनकी टीम शहर में प्रचार-प्रसार के साथ-साथ सजावट की तैयारियों को भी अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। आयोजन को लेकर पूरे नोहर में भक्तिमय माहौल देखने को मिल रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह धर्मयात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं होगी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का संदेश भी देगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक और भव्य धर्मयात्रा का हिस्सा बनें।
संवाददाता- आर. के. जोशी
