नोहर। नोहर क्षेत्र में सोमवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल आधा दर्जन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हनुमानगढ़ रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नोहर के भद्रकाली बाईपास मार्ग पर सोमवार शाम एक स्कॉर्पियो और क्रूजर गाड़ी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने उप जिला चिकित्सालय नोहर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के समय तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। हादसे में घायल सभी लोगों को तुरंत उप जिला चिकित्सालय नोहर लाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घायलों में से आधा दर्जन से अधिक की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हनुमानगढ़ के जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि क्रूजर गाड़ी में सवार सभी लोग हरियाणा के बरढाना गांव में शोक संवेदना व्यक्त कर अपने गांव बुधवालिया लौट रहे थे। इसी दौरान भद्रकाली मार्ग पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी से उनकी गाड़ी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

स्कॉर्पियो गाड़ी जमाल की ओर जा रही थी। हादसे में दोनों वाहनों में सवार कई लोगों को चोटें आई हैं। दुर्घटना में मृत महिलाओं की पहचान राजबाला (40) पत्नी लक्ष्मणराम, रोशनी (48) पत्नी सागर मल और कलावती (40) पत्नी राजेन्द्र के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं बुधवालिया गांव की निवासी बताई जा रही हैं। बताया जाता है कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो गाड़ी नई थी और जिस मार्ग पर यह हादसा हुआ, वहां सामान्यतः यातायात कम रहता है। इसके बावजूद भी दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

विधायक अमित चाचाण, जिला पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र मीना और एसडीएम राहुल श्रीवास्तव ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं सूचना मिलते ही उप जिला चिकित्सालय का पूरा स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया और घायलों के उपचार में जुट गया। हादसे में चार छोटे बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी उम्र लगभग 3 से 6 वर्ष के बीच बताई जा रही है। अधिकांश घायल बुधवालिया गांव के निवासी हैं।

इधर, नोहर में हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को हनुमानगढ़ टाउन स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने मौके पर मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ को घायलों के समुचित और त्वरित उपचार के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
