हनुमानगढ़। राजस्थान में आगामी सप्ताह के दौरान मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। प्रदेश में बैक-टू-बैक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान में लाडपुरा, कोटा में सर्वाधिक 34 मिमी बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के मूंडवा, नागौर में 24 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हनुमानगढ़ जिले में 5 मिमी बारिश हुई। मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार 1 अप्रैल को उदयपुर संभाग व कोटा संभाग में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जबकि शेष प्रदेश में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। 2 अप्रैल की रात जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी व आसपास के क्षेत्रों में आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह में लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे। 3-4 अप्रैल को एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जोधपुर संभाग, बीकानेर संभाग, अजमेर संभाग, जयपुर संभाग, भरतपुर संभाग और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन के साथ आंधी और बारिश होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि पक चुकी फसलों, कृषि मंडियों व खुले में रखे अनाज को सुरक्षित स्थान पर रखें या ढककर रखें, ताकि बारिश से नुकसान से बचा जा सके।
