ऐलनाबाद। जिला पुलिस सिरसा में सोमवार को सेवानिवृत्त हुए 10 पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुलिस लाइन स्थित प्रशासनिक भवन में भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हुए कर्मियों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष समाज सेवा में समर्पित कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि पुलिस की नौकरी केवल एक पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का सशक्त माध्यम है, जिसमें त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की विशेष आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए आमजन को सुरक्षित वातावरण प्रदान करते हैं। अक्सर उन्हें परिवार से दूर रहकर सर्दी, गर्मी और बारिश जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी ड्यूटी निभानी पड़ती है। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि जिस समर्पण और ईमानदारी के साथ उन्होंने पुलिस सेवा में कार्य किया, उसी प्रकार आगे के सामाजिक जीवन में भी सक्रिय रहकर समाजहित के कार्यों में भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर सिरसा पुलिस से सेवानिवृत्त होने वालों में महिला निरीक्षक घनश्याम देवी, सुबे सिंह, खजान सिंह, तेजा राम, उप निरीक्षक ओमप्रकाश, मोहिंद्र सिंह, सुग्रीव, महिला उप निरीक्षक उर्मिला देवी, सहायक उप निरीक्षक जसबंत सिंह और प्रधान सिपाही भजन लाल शामिल रहे। सभी को पुलिस विभाग की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीएसपी संजीव बल्हारा, जिला कल्याण निरीक्षक सीमा सोढ़ी, लाइन अफसर इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
