ऐलनाबाद। हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के तत्वावधान में चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रुप द्वारा प्रदेश स्तरीय नशा मुक्त हरियाणा जन-जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में ओपन ग्रुप के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश देना रहा। इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने उपायुक्त शांतनु शर्मा और पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हस्ताक्षरित संदेश पत्र भी सौंपे। गौरतलब है कि इस प्रदेश स्तरीय जागरूकता अभियान को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से राज्य स्तर पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसके अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के संचालक ग्रुप लीडर डॉ. अमित कुमार ने बताया कि रैली के दौरान टीम सदस्यों ने नशा मुक्त हरियाणा, स्वच्छ हरियाणा, स्वस्थ हरियाणा और शिक्षित हरियाणा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। ऐसे जन-जागरूकता अभियानों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और युवाओं को सही दिशा देने में मदद मिलती है। इस अवसर पर डिप्टी नोडल अधिकारी नितेश कुमार, डिप्टी नोडल अधिकारी हिमांशु भाटी, मीडिया कोऑर्डिनेटर सुनील वर्मा, पुनीत, विजय अहीरवाल, रेंजर्स कैप्टन पुष्पा वर्मा, सीनियर रोवर्स विवेक, विनय, राहुल, पार्थ, माहिर, रिंकू, अमन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
