– वाहन चलाते समय मोबाइल या नशीली वस्तुओं का न करें प्रयोग
ऐलनाबाद। सिरसा पुलिस द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बीते माह विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 2869 वाहनों के चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में गलत स्थानों पर पार्किंग करने वाले 742 वाहन, तेज गति से वाहन चलाने वाले 389 वाहन, तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 207 वाहन चालकों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना इंश्योरेंस के 339 वाहन, बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेल्मेट, बुलेट बाइक से पटाखे बजाने तथा वाहनों पर काली फिल्म लगाने जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पुलिस टीमों द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य लोगों को केवल चालान करना नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक करना है, ताकि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हमेशा हेल्मेट का प्रयोग करें, क्योंकि आपकी सुरक्षा आपके परिवार की खुशियों से जुड़ी है। घर पर आपके माता-पिता, भाई-बहन और परिवारजन आपका इंतजार कर रहे होते हैं। आपकी एक छोटी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या नशीली वस्तुओं का प्रयोग बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे ध्यान भटकता है और हादसों की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित रहें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें। सड़क सुरक्षा हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
