हनुमानगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शैक्षणिक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज टोंक में आयोजित पैन-इंडिया ई-पोस्टर एवं पेपर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में जीएमसी हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। प्रतियोगिता “एनाटॉमी, फिजियोलॉजी एवं बायोकैमिस्ट्री” विषय पर आधारित थी, जिसमें देशभर के मेडिकल विद्यार्थियों ने अपने शोध कार्य और विषय ज्ञान का प्रदर्शन किया। जीएमसी हनुमानगढ़ के विद्यार्थियों ने बायोकैमिस्ट्री विषय पर उत्कृष्ट पोस्टर प्रस्तुत कर अपनी अकादमिक क्षमता और शोध अभिरुचि का परिचय दिया। प्रतियोगिता में अनिल जांगिड़, योगेश शर्मा, अंजलि मारग (बैच-2023), रजनीश कटारिया तथा याशमीन सिद्धू (बैच-2025) ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में याशमीन सिद्धू ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर संस्थान को गौरवान्वित किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में बायोकैमिस्ट्री विभाग की डॉ. सुमन जैन का मार्गदर्शन तथा प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत का निरंतर प्रोत्साहन महत्वपूर्ण रहा। कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
