हनुमानगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से माता किताब कौर ग्रुप द्वारा आयोजित स्कॉलरशिप एंट्रेंस एग्जाम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस परीक्षा में कुल 186 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी शैक्षणिक क्षमता का प्रदर्शन किया। माता किताब कौर ग्रुप के डायरेक्टर कैप्टेन अभिषेक लांबा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्कॉलरशिप एंट्रेंस एग्जाम के माध्यम से चयनित एवं मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को आईटीआई, बीए और बीएससी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने पर संस्थान की ओर से विशेष स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। संस्थान की चेयरमैन शकुन्तला लांबा ने बताया कि ऐसे अनेक विद्यार्थी हैं जो पढ़ाई की इच्छा रखते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते। उनके लिए यह स्कॉलरशिप योजना किसी वरदान से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि संस्था लगातार शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक दायित्व निभाते हुए जरूरतमंद छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत है। माता किताब कौर ग्रुप में वर्ष 2008 से एनसीवीटी, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त आईटीआई संचालित की जा रही है, जिसमें इलेक्ट्रीशियन और फिटर ट्रेड उपलब्ध हैं। इन ट्रेड्स के माध्यम से अब तक हजारों विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और वे सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, संस्थान द्वारा महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर से मान्यता प्राप्त डिग्री कॉलेज भी संचालित किया जा रहा है। इस कॉलेज में बीए और बीएससी के साथ-साथ इंटीग्रेटेड बीए-बीएड और बीएससी-बीएड जैसे पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं, जो विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ शिक्षण क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर प्रदान करते हैं। संस्थान प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि इस प्रकार की पहल से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और अधिक सुदृढ़ होगा तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा।
