श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर–पदमपुर स्टेट हाईवे स्थित 18 बीबी टोल प्लाजा को प्रशासन द्वारा दोबारा शुरू किए जाने के बाद सोमवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। टोल वसूली शुरू होते ही श्रीकरणपुर से कांग्रेस विधायक रूपिंदर सिंह कुन्नर अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और टोल के विरोध में धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान पुलिस और विधायक समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाया, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडीएसपी और डीएसपी के नेतृत्व में पांच थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। गौरतलब है कि टोल प्लाजा को बंद करने की मांग को लेकर लंबे समय से धरना प्रदर्शन चल रहा था और मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में टोल संचालन दोबारा शुरू किए जाने से विवाद और गहरा गया। प्रशासन ने राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में 8-9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव बना हुआ है।
