
हनुमानगढ़। विद्युत पोल की सुरक्षा के लिए लगाई गई तार (स्टे) हटाने के लिए कर्मचारियों को पाबंद करने की मांग लेकर मंगलवार को सुरेश कुमार पुत्र रामनारायण निवासी वार्ड 45, बरकत कॉलोनी, टाउन जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता के पास पहुंचा। सुरेश कुमार ने एसई को लिखित में प्रार्थना-पत्र सौंपते हुए बताया कि उसके घर के आगे विद्युत विभाग की ओर से पोल लगाया गया था। तार डालने के दौरान पोल झुके न, इसलिए तार बांध दी गई। उस समय यहां पक्की सड़क नहीं थी। तब विद्युत विभाग के कर्मचारियों की ओर से कहा गया था कि पोल के नीचे की मिट्टी जमने पर पोल में मजबूती आ जाएगी तो तार हटा देंगे। विद्युत विभाग की ओर से सर्वेक्षण के लिए पिछले दिनों कर्मचारियों को भेजा गया था। उन्हें तार हटाने को कहा लेकिन नहीं हटाया गया। तत्पश्चात उसने विभागीय अधिकारियों को लिखित शिकायत की। शिकायत के बाद अधिकारियों की ओर से कर्मचारी को भेजा तो उसने कहा कि तार हटा दी जाएगी लेकिन इसके बावजूद अभी तक तार नहीं हटाई गई। इस कारण अनावश्यक असुविधा व विवाद की संभावना बनी हुई है। सुरेश कुमार के अनुसार वह पांच बार लिखित में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर चुका है। सुरेश कुमार ने मांग की कि कर्मचारी को उक्त कार्य के लिए पुन: पाबंद किया जाए ताकि उसकी समस्या का निराकरण हो सके। इस मौके पर रघुवीर वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
