
हनुमानगढ़। यूथ वीरांगनाओं ने जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाने के मकसद से कदम उठाया है। इसके तहत टाउन के राजकीय पीजी कॉलेज के नजदीक ऑनलाइन सिलाई प्रशिक्षण के अंतर्गत मंगलवार को ब्यूटी पार्लर सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। क्षेत्र की जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यूथ वीरांगना रजनी ने बताया कि जरूरतमंद परिवारों की महिलाओं के लिए निशुल्क ऑनलाइन सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण केन्द्र की शुरुआत की गई है। इस सेंटर में पहले ही दिन लगभग 23 महिलाओं ने अपना पंजीकरण करवाया। उन्होंने बताया कि यूथ वीरांगनाओं का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना है, ताकि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार का भी बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर सकें। रजनी ने बताया कि सिलाई और ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से दिया जाएगा। इसके लिए अनुभवी और प्रशिक्षित मास्टर टेलर एवं ब्यूटी एक्सपर्ट की ओर से प्रोजेक्ट से बड़े पर्दे के माध्यम से महिलाओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा ताकि वे घर बैठे ही आधुनिक तकनीकों को सीख सकें। यूथ वीरांगना मीनाक्षी ने संस्था की ओर से किए जा रहे अन्य सामाजिक कार्यांे की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूथ वीरांगनाएं सामाजिक हित में लगातार कार्य कर रही हैं। संस्था की ओर से जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के विवाह में सहयोग, जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरण, वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण, जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के लिए पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए विशेष कक्षाएं लगवाने जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी सिलाई सेंटर खोले गए थे, जिनमें प्रशिक्षण प्राप्त कर कई महिलाएं आज स्वयं का सिलाई व्यवसाय चला रही हैं और आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। इस मौके पर ऐशना, प्राची, कंचन, डिम्पल सहित कई अन्य यूथ वीरांगनाएं मौजूद रहीं।
