हनुमानगढ़। नशीला पदार्थ खिलाकर परिवार को बेहोश कर लाखों रुपए व जेवरात चोरी करने और दो बच्चों के अपहरण का मामला सामने आया है। पल्लू थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी केशराराम पुत्र मुखराम निवासी मालासर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 13 अप्रैल की रात को उसका परिवार घर में सो रहा था। रात करीब 9 बजे सभी सदस्य सो गए। इसी दौरान आरोपी रामनिवास पुत्र हंसराज निवासी मालासर तथा परिवादी की पत्नी सोनम ने कथित रूप से साजिश के तहत परिवार को खाने में नशीला पदार्थ दे दिया, जिससे सभी सदस्य गहरी नींद में सो गए। रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने घर में रखी नकदी 1 लाख 95 हजार रुपए तथा करीब 30 ग्राम सोने के जेवरात, जिनमें अंगूठी, रखड़ी, हार व झुमके शामिल हैं, चोरी कर लिए। साथ ही परिवादी के दो बच्चों परमेश्वर (11) व गगनदीप (9) को भी नशीला पदार्थ देकर अपने साथ ले गए। परिवादी ने आशंका जताई है कि बच्चों की जान को खतरा हो सकता है। उसने बताया कि आरोपी रामनिवास पूर्व में भी उसे व उसके परिवार को धमकियां दे चुका है तथा इस संबंध में दो माह पहले पल्लू थाने में पंचायत भी हुई थी, जिसमें आरोपी ने माफी मांगी थी। घटना का पता अल सुबह करीब 4 बजे लगा, जब परिवादी जागा और उसके माता-पिता मुखराम व गिरदावरी देवी बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें पल्लू अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रामनिवास व सोनम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक राजपाल को सौंपी है। पुलिस लापता बच्चों व आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
