हनुमानगढ़। जमीन के सौदे में धोखाधड़ी कर 17 लाख 50 हजार रुपए हड़पने के आरोप में टाउन पुलिस थाना में सात जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिवादी दीक्षित गर्ग पुत्र सतपाल गर्ग निवासी पंजाबी मोहल्ला, टाउन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह व्यवसायी है। रिपोर्ट में बताया कि हरफूल सिंह पुत्र जीत सिंह जटसिख निवासी फतेहगढ़ ने स्वयं को चक 30 एसएसडब्ल्यू स्थित कृषि भूमि का मालिक बताते हुए जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने भूमि पर किसी प्रकार का विवाद नहीं होने तथा उसे बेचने का पूर्ण अधिकार होने की बात कही। प्रार्थी के अनुसार 21 मई 2025 को लिखित इकरारनामा कर 1.265 हेक्टेयर भूमि का सौदा 13.50 लाख रुपए प्रति बीघा के हिसाब से तय हुआ। इस दौरान प्रार्थी ने 5 लाख रुपए नकद एवं 12 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम से कुल 17 लाख रुपए बतौर पेशगी दिए। बाद में खाता विभाजन के नाम पर 50 हजार रुपए और लिए गए। आरोप है कि तय समय में रजिस्ट्री करवाने के बजाय आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। जब प्रार्थी ने दबाव बनाया तो आरोपियों ने बयनामा करने से इंकार कर दिया। जांच में सामने आया कि इकरारनामा करने से पूर्व ही भूमि पर लगा स्थगन आदेश 5 मई 2025 को समाप्त हो चुका था, जबकि आरोपियों ने दस्तावेज में स्टे होना दर्शाकर समय लिया। इसके अलावा बाद में भूमि का हिस्सा परिवार के अन्य सदस्यों के नाम करवा दिया गया और उस पर ऋण भी ले लिया गया। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि हरफूल सिंह, उसकी पत्नी जसविंद्र कौर, पुत्र गुरविंद्र सिंह, पुत्रवधू करणदीप कौर व सुखप्रीत कौर, गुरविंद्र सिंह के ससुर गुरजंट सिंह तथा दलाल रमेश स्वामी निवासी टाउन ने आपसी मिलीभगत से साजिश रचकर कूटरचित इकरारनामा तैयार किया और धोखाधड़ी की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उपनिरीक्षक कमलजीत सिंह को सौंपी है।
