
हनुमानगढ़। किसानों की सुविधा एवं हितों को ध्यान में रखते हुए ग्राम थालड़का में सरसों एवं चना के समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीद केंद्र स्वीकृत किए जाने की मांग को लेकर सुशील जोशी, जिला मंत्री ने सहकारिता मंत्री गौतम से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें संबंधित पत्र सौंपा। भेंट के दौरान सुशील जोशी द्वारा मंत्री को अवगत कराया गया कि पूर्व में ग्राम थालड़का में खरीद केंद्र संचालित रहा है, जहां वर्ष 2024–25 में 5747 बैग (2873.50 क्विंटल) सरसों की सफल खरीद हुई थी। इसके बावजूद वर्ष 2025–26 में खरीद केंद्र बंद कर दिए जाने से क्षेत्र के किसानों को लगभग 20 किलोमीटर दूर रावतसर जाकर अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेचनी पड़ रही है, जिससे उन्हें समय व आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंत्री ने पूरे विषय को गंभीरता से सुनते हुए आगामी सीजन से ग्राम थालड़का में सरसों एवं चना का सरकारी खरीद केंद्र स्वीकृत करने का आश्वासन दिया। इस सकारात्मक आश्वासन से क्षेत्र के किसानों में हर्ष का वातावरण है। किसानों ने राज्य सरकार एवं सहकारिता मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया है कि यह निर्णय क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा।
