हनुमानगढ़। नशा मुक्ति के उद्देश्य से संचालित मानस अभियान 2.0 के तहत जिले में खेल गतिविधियों की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजीव गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला, डीईओ चानणमल भार्गव, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह तथा भीमसेन की ओर से किया गया। प्रतियोगिता में जिले भर से पुरुष वर्ग की 6 तथा महिला वर्ग की 7 टीमों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में रावतसर टीम विजेता और टिब्बी उपविजेता रही, जबकि महिला सीनियर वर्ग में भी रावतसर विजेता और राजीविका संगरिया टीम उपविजेता रही। पुरुष वर्ग में संगरिया ने प्रथम स्थान हासिल किया तथा भादरा टीम उपविजेता रही। जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि मानस अभियान के तहत खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए भोजन व पारितोषिक की व्यवस्था भामाशाहों की ओर से की गई। इस मौके पर शारीरिक शिक्षक, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
