संगरिया। भविष्य की पीढ़ी को सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से ब्लॉक संगरिया में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। इस संबंध में उपखंड अधिकारी जय कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में टीकाकरण महाअभियान की विस्तृत कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया। खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बीसीएमओ) डॉ. रवि खीचड़ ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका, जो अब तक निजी अस्पतालों में सशुल्क उपलब्ध था, अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) संगरिया में नि:शुल्क लगाया जा रहा है। यह टीका विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा प्रमाणित है और 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरी बालिकाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संगरिया व ढाबां में विशेष टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें पात्र बालिकाओं का पंजीकरण कर उन्हें टीका लगाया जाएगा। डब्ल्यूएचओ और एनसीआरपी-आईसीएमआर 2022 के आंकड़ों के अनुसार भारत में हर वर्ष लगभग 79,103 महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से प्रभावित होती हैं, जिनमें से 34,805 की मृत्यु हो जाती है। यह भारतीय महिलाओं में दूसरा सबसे आम कैंसर है। वहीं वैश्विक स्तर पर हर साल करीब 3.5 लाख महिलाओं की इस बीमारी से मौत होती है। बैठक में तहसीलदार मोनिका बंसल, ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। अभियान को सफल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण रणनीतियां तय की गईं। इसके तहत सभी सरकारी व निजी स्कूलों के लिए टीकाकरण का विशेष शेड्यूल तैयार किया जाएगा। निजी शिक्षण संस्थानों को जोड़ने के लिए विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, गैर सरकारी संगठनों व गुरुद्वारा समितियों का सहयोग लिया जाएगा। सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री के माध्यम से घर-घर जागरूकता फैलाई जाएगी। उपखंड प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14-15 वर्ष की बेटियों का पंजीकरण कराकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें, ताकि आने वाली पीढ़ी को कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाया जा सके।
