नोहर। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा देशभर में संचालित सभी बूचड़खानों को बंद करने की मांग को लेकर सोमवार को नोहर में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गौ भक्त, साधु-संत एवं गौशालाओं से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन की शुरुआत शादीराम पचीसिया संस्कृत पाठशाला में हुई, जहां गौ भक्तों की बड़ी सभा आयोजित की गई। यहां वक्ताओं ने गौ संरक्षण को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की और गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद सभी लोग जुलूस के रूप में शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नारेबाजी करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। पूरे मार्ग में “गौ माता की जय” और “गौ हत्या बंद करो” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। उपखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया और उपखंड अधिकारी निधि उड़सरिया को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौ वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, देशभर में संचालित बूचड़खानों को तत्काल बंद करने तथा गौ संरक्षण को संवैधानिक दर्जा देने की मांग की गई। साथ ही कहा गया कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र हैं, इसलिए उनके संरक्षण के लिए कठोर कानून बनाए जाने चाहिए। इस प्रदर्शन में विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि, गौ सेवक, साधु-संत एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में गौ संरक्षण की मांग दोहराई और सरकार से इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
