हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोगामेड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गोगामेड़ी थाना प्रभारी चंद्रकला के नेतृत्व में टीम ने गोगामेड़ी में रेलवे पुलिया के नजदीक कार्रवाई करते हुए 2.41 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर भीम सिंह (26) पुत्र धर्मपाल कुम्हार निवासी वार्ड नम्बर 5, नेठराना तहसील भादरा को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान टीम में सहायक उपनिरीक्षक लीलाधर, कांस्टेबल नारायण सिंह तथा राजेंद्र शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच फेफाना थाना प्रभारी एसआई नरेंद्र को सौंपी। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में लिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
