कानपुर। के मर्चेंट चेम्बर में “देश के वर्तमान हालात और हम” विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मुख्य वक्ता के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार और लेखक मनोज राजन त्रिपाठी ने भी अपने विचार साझा किए। इस आयोजन की मेजबानी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजेश सिंह ने की। अपने संबोधन में संजय सिंह ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “जो भी सीबीआई और ईडी से डरेगा और भाजपा के गुंडों से डरेगा, वह अंततः उनके साथ जाकर मिल जाएगा।” उन्होंने राजनीतिक दबाव और डर की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग सच के साथ खड़े हैं, वे किसी भी हाल में पीछे नहीं हटेंगे। अपने भाषण के दौरान उन्होंने देशभक्ति गीत “जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया करती है बसेरा, वो भारत देश है मेरा” गाकर माहौल को भावुक भी कर दिया। राघव चड्ढा के भाजपा में जाने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि “जो डरेगा, वही जाएगा, लेकिन जो सही रास्ते पर है, वह पहले भी आम आदमी पार्टी के साथ था और आगे भी मजबूती से खड़ा रहेगा।” उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर लगे आरोपों को साजिश करार देते हुए कहा कि इस तरह की अफवाहें पहले भी कई बार फैलाई जा चुकी हैं। वहीं, वरिष्ठ पत्रकार मनोज राजन त्रिपाठी ने अपने संबोधन में वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यंग्यात्मक अंदाज में टिप्पणी की। उन्होंने कानपुर के स्थानीय संदर्भों के जरिए महंगाई, खासकर रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर तंज कसा। साथ ही अपने पत्रकारिता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले और अब के माहौल में काफी बदलाव आ चुका है। संगोष्ठी के अंत में संजय सिंह ने कहा कि इस तरह के विचार-विमर्श कार्यक्रम लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी हैं, क्योंकि इससे देश के मौजूदा हालात पर खुलकर चर्चा होती है और महत्वपूर्ण मुद्दे आम लोगों तक पहुंचते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि आगामी बंगाल चुनाव में भाजपा को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
