भोपाल। डॉ. चिंतामणि मालवीय ने रीना बोरासी सेतिया को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। विधायक की ओर से उनके अधिवक्ता के माध्यम से यह नोटिस जारी किया गया। साथ ही एक स्थानीय चैनल को भी लीगल नोटिस भेजा गया है। नोटिस रीना बोरासी द्वारा मीडिया में दिए गए उन बयानों को लेकर भेजा गया है, जिनमें उन्होंने विधायक पर यौन शोषण, महिलाओं पर अत्याचार और जमीन कब्जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। कुछ दिन पहले रीना बोरासी ने मंगुभाई पटेल से लोकभवन भोपाल में मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा था कि एक महिला ने उन्हें एफिडेविट और सबूत दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि एक विधायक और पूर्व सांसद ने महिला का यौन शोषण किया, उसके घर और पैतृक जमीन पर कब्जा किया तथा गुंडों के जरिए परिवार पर हमला करवाया। उन्होंने राज्यपाल से संबंधित विधायक की सदस्यता रद्द करने की मांग भी की थी। वहीं विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने इन आरोपों को निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है। नोटिस में कहा गया है कि वे एक शिक्षित जनप्रतिनिधि हैं और समाज में उनकी प्रतिष्ठा है। बिना किसी ठोस प्रमाण के उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। एडवोकेट शेखर श्रीवास्तव की ओर से भेजे गए नोटिस में रीना बोरासी को 7 दिन के भीतर आरोपों से जुड़े सभी दस्तावेज और प्रमाणित साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा गया है। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ 10 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति का दीवानी दावा और आपराधिक मानहानि का मामला दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
